Wednesday, 15 August 2018

लाईक एक बटन है

लाईक एक बटन है
भावना नहीं.....
जरुरी नहीं सच में ही
किया हो लाईक ।

कई लोग
कई - और कारणों
से भी दबाते है
लाईक बटन
कुछ लोग
खरीद भी लेते है
लाईक ।

सेल्फी, फोटोशाप
और ईमौजी
से दिख सकते है
सुन्दर और खुश ।

हजारों मित्र, मुखर प्रतिक्रियाएं
और कोसों दूर
कोने मे
स्क्रीन के आगे
अकेला बैठा आदमी ।

सूने और आऊट आफ फैशन
हो गये
मिलने के अड्डे
ढूँढता हूँ.......
सूने खड़े नीम
पर
बच्चों का कोलाहल
और निबौरीयां ,
याद आती है वह
थडी़ की चाय ।


रात को छतों से
एक दूसरे के जाना
बतियाना घन्टों
बड़ा नेटवर्क
था हमारा ।

भोर की घास पर
ओस की बूंदें.....।
शर्मिला इन्द्र धनुष....।
सर्दी की धूप....।
अरसा हो गया
इनसे मिले ।

जीवन पर एक कृत्रिम
पॉलीथिन की परत

वाल के उस पार
बैठी है.....
उदास पत्नी
शायद ही कभी
संवारती हो चेहरा
बेफिजूल ।

न जाने कहाँ
गये है बच्चे ?
खो गयी है
उनकी मासूम मुस्कान
जिसे मैं सच में
करता था लाईक ।

मन करता है
इस अधेड़ उम्र मे
गली में भागूं
बेफिक्र
किसी कटी पंतग
के पीछे ।
घर ले आऊं
थोड़ा सा इन्द्रधनुष,
कुछ मूंगफलियां
और
थोड़े से मित्र......।

No comments:

Post a Comment

द स्टारी नाईट और सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को जब सुशांत सिंह राजपूत हमारे बीच से अचानक नाराज या क्षुब्ध हो कर चले गए। हम सब उस दुनिया ...